/नालागढ़ फायरिंग केस: आरोपी एक घंटे में हिरासत में, देसी कट्टा बरामद

नालागढ़ फायरिंग केस: आरोपी एक घंटे में हिरासत में, देसी कट्टा बरामद

मित्रों के बीच विवाद के बाद चली गोली, घायल PGI चंडीगढ़ में भर्ती

सोलन (नालागढ़), 17 मार्च
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा

हिमाचल के औद्योगिक नगरी नालागढ़ के वार्ड नंबर 02 में हुई फायरिंग की घटना में बद्दी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को महज एक घंटे के भीतर हिरासत में ले लिया।

पुलिस की इस तेजी से कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी दिशांत उर्फ दिशु और घायल अमीर खान आपस में मित्र थे। दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जिसके बाद आरोपी ने अमीर खान पर देसी कट्टे से फायर कर दिया।

इस घटना में अमीर के हाथ में गोली लगी, जबकि कुछ छर्रे उसके पेट में भी लगे।
घायल को तुरंत सिविल अस्पताल नालागढ़ पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया। चिकित्सकों के अनुसार घायल की स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है।

घटना के बाद पुलिस थाना नालागढ़ में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान के निर्देशानुसार विशेष टीमें गठित की कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के मात्र एक घंटे के भीतर हिरासत में ले लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त देसी कट्टा और कारतूस का खोल भी बरामद कर लिया है। मामले की जांच वैज्ञानिक और पेशेवर तरीके से गहनता के साथ की जा रही है।

बद्दी पुलिस की तत्परता से आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी संभव हुई है और मामले में आगे की जांच जारी है।