हजारों लोगों ने लिया कांगड़ी धाम का स्वाद
नालागढ़,18 मार्च,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा
नालागढ़ मिनी सचिवालय परिसर में आयोजित भंडारे में आज हजारों श्रद्धालुओं ने पारंपरिक कांगड़ी धाम का आनंद लिया।

इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्र के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और प्रसाद ग्रहण किया।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2020 में गणेश भगवान के मंदिर की स्थापना के साथ शुरू किए गए इस भंडारे का आयोजन प्रतिवर्ष किया जाता है। इसी कड़ी में इस वर्ष विशेष रूप से कांगड़ी धाम का आयोजन किया गया, जिसने लोगों को हिमाचली पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद चखने का अवसर प्रदान किया।

भंडारे के शुभारंभ से पूर्व विधिवत हवन और गणेश पूजन किया गया। इसके उपरांत श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था शुरू की गई।

आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय उद्योगपतियों और विभिन्न व्यापारिक घरानों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

स्थानीय प्रशासन ने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों और संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए इसे सामाजिक एकता और धार्मिक आस्था का प्रतीक बताया।










