अफवाहों से न हों भ्रमित
नालागढ़, 18 मार्च,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
सोलन जिले के नालागढ़ क्षेत्र में घरेलू गैस की किसी प्रकार की कमी नहीं है। हालांकि कमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति प्रभावित होने के कारण लोगों में अनावश्यक घबराहट का माहौल बन गया है, जिससे गैस एजेंसियों पर भीड़ देखी जा रही है।

इस संबंध में हिमाचल स्टेट सिविल सप्लाई कॉर्पोरेशन लिमिटेड के स्थानीय गैस सप्लाई इंचार्ज नरेश कुमार ने जानकारी देते हुए हिम नयन न्यूज को बताया कि नालागढ़ में घरेलू गैस की आपूर्ति पहले से भी बेहतर ढंग से की जा रही है और किसी भी प्रकार की किल्लत नहीं है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई रुकने के कारण लोगों में आशंका उत्पन्न हो गई है, जिसके चलते ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ता भी शहर की गैस एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं। इसी वजह से एजेंसियों पर लंबी कतारें लगना स्वाभाविक है।
नरेश कुमार ने बताया कि घरेलू गैस की आपूर्ति 25 दिन के निर्धारित सर्किल के अनुसार नियमित रूप से की जा रही है। सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध करवाई जा रही है।

उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें, क्योंकि घरेलू गैस की कोई कमी नहीं है। साथ ही ग्रामीण उपभोक्ताओं से भी आग्रह किया कि गांवों में गैस की सप्लाई सामान्य रूप से जारी है, इसलिए वे अनावश्यक रूप से नालागढ़ आकर अपना समय व्यर्थ न करें।
स्थानीय प्रशासन ने भी लोगों से संयम बनाए रखने और केवल आवश्यकतानुसार ही गैस लेने की अपील की है।










