चंबा, 18 मार्च ,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा
चंबा जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, चंबा द्वारा जारी ताज़ा सूचना के अनुसार, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के आधार पर जिले में 18 से 20 मार्च तक मौसम खराब रहने की संभावना व्यक्त की गई है। इस अवधि के दौरान तेज हवाएं, वर्षा, ओलावृष्टि तथा कुछ क्षेत्रों में भूस्खलन की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 18 मार्च को येलो अलर्ट तथा 19 और 20 मार्च को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। ऑरेंज अलर्ट के तहत भारी वर्षा, तेज तूफान और ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
जिला प्रशासन ने संभावित खतरों को ध्यान में रखते हुए आम जनता से सतर्क रहने की अपील की है। विशेष रूप से नदी-नालों, पहाड़ी ढलानों एवं भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

इसके अलावा अनावश्यक यात्रा से बचने, बच्चों एवं बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने तथा पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत संबंधित विभागों से संपर्क करें। साथ ही, मौसम और आपदा से जुड़ी सटीक जानकारी के लिए ‘सचेत’ मोबाइल ऐप डाउनलोड करने की भी अपील की गई है।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा जारी इस चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।








