शिमला, 20 मार्च ,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
जिला पुलिस शिमला ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग चोर गिरोह का भंडाफोड़ कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 20 मार्च 2026 की रात करीब 3:00 बजे थाना सुन्नी में सड़क निर्माण कंपनी BPM के साइट इंचार्ज टेकचंद ने सूचना दी कि अज्ञात व्यक्तियों द्वारा निर्माण कार्य में लगी मशीनों से डीजल और बैटरियां चोरी कर ली गई हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए दो पिकअप गाड़ियां (HP30-5790 और HP06B-5527) बरामद कीं।
इस दौरान तीन नाबालिग आरोपी पकड़ से बचने के लिए ढांक में उतर गए, जिन्हें पुलिस ने जोखिम उठाते हुए रस्सियों की मदद से सुरक्षित बाहर निकालकर हिरासत में लिया।
वहीं चौथे आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर थाना सुन्नी में अभियोग संख्या 11/2026 दिनांक 20.03.2026 के तहत धारा 303(1) और 3(5) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जिला पुलिस शिमला ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है और किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।









