बैकवर्ड लिंकज तक पहुंची जांच
शिमला/ठियोग, 23 मार्च ,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस थाना ठियोग को एक अहम सफलता हाथ लगी है। नियमित गश्त एवं नाका चेकिंग के दौरान बाईपास ठियोग के पास पुलिस टीम ने चार आरोपियों को करीब 10 ग्राम चिट्टा/हेरोइन सहित गिरफ्तार किया।

इस संबंध में मुकदमा संख्या 06/26 दिनांक 08.01.2026 के तहत धारा 21 एवं 29 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन वर्मा (37), संजीव कुमार (35), रोहित कुमार (33) और निखिल (33), सभी निवासी तहसील ठियोग, जिला शिमला के रूप में हुई है।
मामले की गहन जांच, पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मादक पदार्थ की आपूर्ति श्रृंखला (बैकवर्ड लिंकज) का खुलासा करते हुए मुख्य सप्लायर सन्नी राठौर (48), निवासी अबोहर, जिला फाजिल्का (पंजाब) को 23 मार्च 2026 को हरियाणा से गिरफ्तार किया है।

आरोपी को धारा 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर आज माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2025 में बैकवर्ड लिंकज के तहत केवल एक आरोपी की गिरफ्तारी हुई थी, जबकि वर्ष 2026 में अब तक मात्र डेढ़ महीने में ही 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
यह पुलिस की सतत, पेशेवर और लक्ष्य-केन्द्रित जांच का परिणाम है।

शिमला पुलिस अब केवल नशे की बरामदगी तक सीमित न रहकर उसके स्रोत तक पहुंचने और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने पर विशेष ध्यान दे रही है। इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि पुलिस अब मादक पदार्थों की सप्लाई चेन के मूल स्रोत पर प्रभावी प्रहार कर रही है।
पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई जारी रखी जाएगी, ताकि समाज को नशा मुक्त बनाया जा सके।










