शिमला, 24 मार्च,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) परिसर में छात्र संगठनों के बीच हुई मारपीट के मामले में थाना बालूगंज पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर तीन दिन की पुलिस रिमांड हासिल की है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अभियोग संख्या 30/26 के तहत धारा 118(1), 118(2), 191(2), 191(3) व 190 भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। यह मामला 27 फरवरी 2026 को उस समय सामने आया, जब एचपीयू परिसर में SFI और ABVP से जुड़े छात्रों के बीच मारपीट की घटना हुई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (IGMC) शिमला भेजा गया।
वादी अंकित चंदेल की शिकायत तथा मेडिकल लीगल रिपोर्ट (MLC) के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर धाराओं में संशोधन किया गया तथा घायल भवानी ठाकुर की MLC के आधार पर धारा 118(2) भी जोड़ी गई।
जांच के दौरान पुलिस ने 22 मार्च 2026 को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान विवेक बिरसांता (23), निवासी शिलाई जिला सिरमौर, देव राज (26), निवासी ददाहू जिला सिरमौर तथा अंशुल मिन्हास (22), निवासी नादौन जिला हमीरपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ जारी है तथा मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
जिला पुलिस शिमला ने कहा है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।










