/“स्कूटी चोरी का खुलासा: मुख्य आरोपी गिरफ्तार, खरीदार पर भी कार्रवाई”

“स्कूटी चोरी का खुलासा: मुख्य आरोपी गिरफ्तार, खरीदार पर भी कार्रवाई”

शिमला, 24 मार्च ,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा

हिमाचल की थाना सदर शिमला पुलिस ने स्कूटी चोरी के एक मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर चोरीशुदा वाहन बरामद कर लिया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना सदर क्षेत्र से एक स्कूटी चोरी होने की शिकायत पर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आरोपी उमेश कुमार (36 वर्ष) निवासी गांव सियार, डाकघर दाड़लाघाट, तहसील अर्की, जिला सोलन की संलिप्तता स्थापित हुई।

पुलिस ने आरोपी को 22 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर अगले दिन माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे दो दिन की पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई स्कूटी (नंबर HP11-8776, हीरो मैस्ट्रो, सफेद-लाल रंग) गुम्मा, कोटखाई क्षेत्र से बरामद की गई।

स्कूटी को विधिवत पुलिस कब्जे में लिया गया है।

जांच में यह भी सामने आया कि चोरी की गई स्कूटी को विनोद कुमार (33 वर्ष) निवासी आजाद कॉलोनी, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी गुम्मा बाजार, शिमला ने खरीदा था।

इस संबंध में उसके खिलाफ धारा 317(2) BNS के तहत कार्रवाई करते हुए उसे धारा 35(3) BNSS के अंतर्गत अदालत में पाबंद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, मामले की जांच अभी जारी है और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

यह मामला अभियोग संख्या 68/2025 दिनांक 13-08-2025 के तहत धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) में दर्ज किया गया था।