, “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण।
सोलन( अर्की )24 जून,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा
सोलन जिले के राजकीय उच्च विद्यालय लड़ोग में नशा मुक्त भारत अभियान (2.0) के अंतर्गत एंटी चिट्टा एवं नशा विरोधी जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने गांव में रैली निकालकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया और समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया।

रैली के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न नारों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति के प्रति जागरूकता फैलाना और युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करना था।
इसी अवसर पर विद्यालय में इको क्लब गतिविधि (3.0) के अंतर्गत “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान भी चलाया गया।
अभियान के तहत विद्यार्थियों और अध्यापकों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति प्रेम, पर्यावरणीय जिम्मेदारी और संरक्षण की भावना विकसित करना रहा।

विद्यालय की भारत स्काउट एवं गाइड इकाई ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई।

स्काउट एवं गाइड के विद्यार्थियों ने पौधारोपण कर पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प लिया। इस दौरान विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और हरित भविष्य के महत्व पर अपने विचार भी व्यक्त किए।
विद्यालय प्रभारी यशपाल वर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशामुक्त समाज और स्वच्छ पर्यावरण राष्ट्र निर्माण के दो महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में अध्यापक सरोज कुमारी, पवन कुमार, सुभाष चंद, भूपेंद्र कुमार, राकेश कुमार सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं अभिभावक दीपा चौधरी और ललिता देवी उपस्थित रहे।
।









