/सोलन में 31.93 ग्राम चिट्टा सहित आरोपी गिरफ्तार, नकदी और डिजिटल वेटिंग मशीन बरामद।

सोलन में 31.93 ग्राम चिट्टा सहित आरोपी गिरफ्तार, नकदी और डिजिटल वेटिंग मशीन बरामद।

सोलन, 19 जून ,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा

जिला पुलिस की विशेष अन्वेषण इकाई (SIU) ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को 31.93 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ₹23,570 नकद और एक डिजिटल वेटिंग मशीन भी बरामद की है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 18/19 जून की मध्यरात्रि को गुप्त सूचना के आधार पर SIU टीम ने क्लीन क्षेत्र में दबिश देकर एक युवक को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 31.93 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रदीप कुमार उर्फ गाठा (50 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय सतदेव, निवासी गांव मझोटली, डाकघर एवं तहसील चौपाल, जिला शिमला तथा वर्तमान निवासी धोबीघाट, सोलन के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एफआईआर संख्या 135/2026, दिनांक 19 जून 2026, धारा 21 NDPS Act के तहत पुलिस थाना सदर सोलन में मामला दर्ज किया है।

आरोपी को 19 जून को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।

पुलिस मामले में गहन पूछताछ कर रही है तथा नशा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का पूर्व में भी नशा तस्करी से संबंध रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ थाना सदर सोलन में चिट्टा तस्करी के दो मामले पहले से दर्ज हैं, जिनमें उसके कब्जे से कुल 36.24 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया था।