मुख्य आरोपी शिवदत्त पंडित गिरफ्तार
बद्दी, 24 जून,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।
औद्योगिक नगरी के बी बी एन के मखनूमाजरा में फरवरी माह में हुई गोलीबारी की घटना के मामले में बद्दी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपियों में शामिल शिवदत्त पंडित को अंबाला क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है।
इसके साथ ही इस बहुचर्चित मामले में अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया जा चुका है।
जानकारी के अनुसार 28 फरवरी 2026 को बद्दी थाना क्षेत्र के मखनूमाजरा में हुई गोलीबारी की घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ था। इस संबंध में पुलिस थाना बद्दी में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
घटना की जांच के लिए गठित विशेष पुलिस टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों, प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों और अन्य महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने ललित कुमार निवासी मखनूमाजरा तथा डेविड ठाकुर निवासी मखनूमाजरा को गिरफ्तार किया था।
आगे की जांच के दौरान सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मनप्रीत उर्फ मनु निवासी किशनपुरा तथा सतीश कुमार उर्फ सतीश चंदेल निवासी माजरा मेहताब, तहसील कालका, जिला पंचकूला (हरियाणा) को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस की लगातार कार्रवाई और विभिन्न राज्यों में दी गई दबिशों के बाद अब मामले के मुख्य आरोपी शिवदत्त पंडित पुत्र चमन लाल निवासी किशनपुरा, डाकघर गुरुमाजरा, तहसील बद्दी, जिला सोलन को अंबाला क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। साथ ही मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और पूरे षड्यंत्र से जुड़े तथ्यों की गहराई से जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई जारी है।









