/“ पेंशन के इंतज़ार में 75 साल की राम प्यारी की नम आंखें ”

“ पेंशन के इंतज़ार में 75 साल की राम प्यारी की नम आंखें ”

पांच महीने से सूना चूल्हा

सोलन(अर्की), 24 मार्च ,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/वर्मा

हिमाचल प्रदेश के अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बायला के गांव रबा खान से एक ऐसी मार्मिक तस्वीर सामने आई है, जिसने संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है।

मिली जानकारी के मुताबिक यहां 75 वर्षीय वृद्ध महिला राम प्यारी बीते पांच महीनों से अपनी बुढ़ापा पेंशन के इंतज़ार में दर-दर की ठोकरें खा रही हैं।

कमजोर कंधे, धुंधली होती आंखें और जीवन की ढलती शाम… लेकिन इन सबके बीच सबसे बड़ी पीड़ा है जीवनयापन का सहारा छिन जाना।

राम प्यारी बताती हैं कि उनकी बुढ़ापा पेंशन ही उनकी रोज़ी-रोटी का एकमात्र जरिया थी, जो पिछले पांच महीनों से बंद पड़ी है।

उन्होंने भावुक होकर हिम नयन न्यूज संवाददाता को बताया , “बेटा, अब तो चूल्हा जलाना भी मुश्किल हो गया है… सरकार से बस इतनी गुहार है कि मेरी पेंशन चालू कर दें।”

मीडिया के सामने अपनी व्यथा सुनाते हुए राम प्यारी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी और जिला प्रशासन से जल्द से जल्द पेंशन बहाल करने की अपील की है।

गांव के लोगों का भी कहना है कि बुजुर्ग महिला की हालत दयनीय है और प्रशासन को इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप करना चाहिए।

यह सिर्फ एक महिला की कहानी नहीं, बल्कि उन कई बुजुर्गों की हकीकत है जो सरकारी योजनाओं पर निर्भर हैं, और जिनके लिए ऐसी देरी जीवन को और कठिन बना देती है।