शिमला, 28 मार्च ,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकार ने किसानों और पशुपालकों को प्रोत्साहित करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।

उन्होंने कहा कि गाय के दूध का न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाकर ₹61 प्रति लीटर और भैंस के दूध का ₹71 प्रति लीटर कर दिया गया है। साथ ही दूध के परिवहन पर सहायता राशि ₹3 से बढ़ाकर ₹6 प्रति लीटर की गई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन देने के लिए गेहूं और जौ का एमएसपी ₹80 प्रति किलोग्राम, मक्का ₹50 प्रति किलोग्राम और हल्दी ₹150 प्रति किलोग्राम निर्धारित किया गया है।
अदरक को पहली बार एमएसपी में शामिल करते हुए ₹30 प्रति किलोग्राम दर तय की गई है।
इस दौरान उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने मुख्यमंत्री से भेंट कर प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना की और ‘कचनार’ के फूल भेंट किए।
मुख्यमंत्री ने बताया कि कांगड़ा जिले के ढगवार में ₹200 करोड़ की लागत से दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र स्थापित किया जा रहा है, जिससे किसानों को अतिरिक्त लाभ मिल सके ।










