/मध्य प्रदेश से आकर बद्दी में गांजे का कारोबार करता युवक चढ़ा पुलिस के हत्थे।

मध्य प्रदेश से आकर बद्दी में गांजे का कारोबार करता युवक चढ़ा पुलिस के हत्थे।

कडुआना गांव में किराए के कमरे से 6.128 किलो गांजा बरामद, NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज

बद्दी, 4 अप्रैल,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा

औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में बाहरी राज्यों से आकर नशे का कारोबार करने के मामलों पर पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।

पुलिस थाना बद्दी की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गांव कडुआना में दबिश देकर एक युवक को गिरफ्तार किया, जो अवैध रूप से गांजा बेचने का धंधा कर रहा था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान जितेन्द्र सिंह घोष (32) निवासी जिला टिकमगढ़, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है, जो बद्दी में किराए के कमरे में रहकर मादक पदार्थों का कारोबार चला रहा था।

तलाशी के दौरान उसके कब्जे से पिठू बैग में रखे 6.128 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है और मामले की गहन जांच जारी है।

पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान ने बताया कि क्षेत्र में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।