नालागढ़, 5 मई,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।
औद्योगिक नगरी बीबीएन के पुलिस थाना नालागढ़ की टीम ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 6.102 किलोग्राम अफीम डोडे (चूरापोस्त) बरामद किए हैं।
इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार 4 मई 2026 को सलेवाल स्थित पार्किंग में खड़े ट्रक (एचपी12क्यू-9846) की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रक में छिपाकर रखे गए अफीम के सूखे डोडे बरामद हुए।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी मुनाफ अली पुत्र असलम अली, निवासी फतेहपुर, तहसील संगरिया, जिला हनुमानगढ़ (राजस्थान) को मौके पर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ Narcotic Drugs and Psychotropic Substances Act के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
प्रारंभिक जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है और नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि नशे के खिलाफ इस अभियान में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।










