सोलन, 8 मई,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा
हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन पुलिस ने नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए चिट्टा तस्करी में संलिप्त दो आदतन अपराधियों को PIT NDPS Act, 1988 के अंतर्गत निवारक हिरासत (Preventive Detention) में भेज दिया है।
दोनों आरोपियों को आगामी तीन माह की अवधि के लिए जिला कारागार सोलन में रखने के आदेश जारी किए गए हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी मुकेश कुमार पुत्र श्री बलदेव राज वर्मा निवासी गांव कालर जेरी, डाकघर भराडीघाट, तहसील अर्की, जिला सोलन तथा सूरज कुमार पुत्र श्री मन सुख निवासी गांव घडसी कुकाना, तहसील कसौली, जिला सोलन लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी के मामलों में संलिप्त रहे हैं।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध पुलिस मुख्यालय के माध्यम से प्रदेश सरकार को PIT NDPS Act के तहत कार्रवाई हेतु प्रस्ताव भेजा गया था।
प्रदेश सरकार एवं सक्षम प्राधिकारी द्वारा प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान करते हुए दोनों आरोपियों को तीन-तीन माह की निवारक हिरासत में रखने के आदेश पारित किए गए।
आदेशों की अनुपालना में पुलिस थाना दाड़लाघाट एवं कसौली की टीमों ने 8 मई 2026 को दोनों आरोपियों को विधिवत हिरासत में लेकर जिला कारागार सोलन भेज दिया।
जिला पुलिस सोलन ने बताया कि नशा तस्करी में संलिप्त आदतन अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत अब तक कुल 15 अपराधियों को धारा 3(1), PIT NDPS Act, 1988 के तहत निवारक हिरासत में भेजा जा चुका है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त असामाजिक तत्वों के विरुद्ध भविष्य में भी कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।









