अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुनाव प्रभावित करने का प्रयास: राकेश जमवाल।
शिमला, 21 मई,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा।
भाजपा के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक राकेश जमवाल ने आरोप लगाया है कि हिमाचल प्रदेश में नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को मिली सफलता से कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री पूरी तरह बौखला गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अधिकांश नगर निकायों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की जीत ने यह साबित कर दिया है कि जनता का विश्वास भाजपा के साथ है और कांग्रेस सरकार के प्रति लोगों में असंतोष बढ़ रहा है।
जमवाल ने कहा कि अब कांग्रेस सरकार नगर परिषदों और नगर पंचायतों में अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों के चुनावों को प्रभावित करने के लिए विभिन्न हथकंडे अपनाने की तैयारी कर रही है। उनका आरोप है कि प्रशासनिक दबाव, प्रलोभन और राजनीतिक हस्तक्षेप के माध्यम से लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे भाजपा किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने देगी।
उन्होंने कहा कि जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधि किसी दबाव या लालच में आने वाले नहीं हैं। प्रदेश की अधिकांश नगर परिषदों और नगर पंचायतों में भाजपा समर्थित उम्मीदवार बहुमत के साथ विजयी हुए हैं और अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पदों पर भी भाजपा समर्थित प्रतिनिधियों का चुना जाना तय है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार अपनी हार स्वीकार नहीं कर पा रही है और इसी कारण सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग की कोशिश कर रही है।
राकेश जमवाल ने कहा कि प्रदेश की जनता सब कुछ देख रही है और आने वाले समय में कांग्रेस को इसका राजनीतिक जवाब मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी पंचायती राज संस्थाओं, जिला परिषदों, पंचायत समितियों और पंचायत चुनावों में भी भाजपा बड़ी जीत दर्ज करेगी। जनता कांग्रेस की कथित जनविरोधी नीतियों और सत्ता के दुरुपयोग का करारा जवाब देने के लिए तैयार है।
उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की अधिकांश जिला परिषदों, पंचायत समितियों और पंचायतों में भाजपा समर्थित उम्मीदवार विजयी होंगे तथा हिमाचल प्रदेश में पार्टी का जनाधार और अधिक मजबूत होकर उभरेगा।









