नालागढ़, 24 मई,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।
पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचन-2026 के तहत खंड विकास अधिकारी एवं निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) नालागढ़ अरविंद कुमार ने खंड विकास कार्यालय नालागढ़ सभागार से 178 पोलिंग पार्टियों को उनके निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया।

ये पोलिंग पार्टियां 26, 28 और 30 मई 2026 को होने वाली तीन दिवसीय चुनाव प्रक्रिया के दौरान 528 विभिन्न मतदान बूथों पर चुनाव संपन्न करवाएंगी।

अरविंद कुमार ने बताया कि सभी पोलिंग पार्टियों को आवश्यक निर्वाचन सामग्री उपलब्ध करवाने के बाद ही मतदान केंद्रों के लिए भेजा गया। पंचायत चुनाव बैलेट पेपर के माध्यम से कराए जा रहे हैं, जिसके मद्देनजर प्रत्येक पार्टी को बैलेट पेपर, मतपेटियां, मतदाता रजिस्टर, अमिट स्याही, सील, स्टेशनरी सामग्री तथा मतदान संबंधी दिशा-निर्देशों की पुस्तिका सहित अन्य आवश्यक सामग्री प्रदान की गई।

सामग्री के सत्यापन और जांच के बाद ही पार्टियों को रवाना किया गया ताकि मतदान प्रक्रिया सुचारू एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके।

उन्होंने बताया कि खंड विकास नालागढ़ के अंतर्गत कुल 20 सामान्य, 40 संवेदनशील और 18 अति संवेदनशील मतदान केंद्र चिन्हित किए गए हैं। इन केंद्रों पर सुरक्षा और प्रशासनिक दृष्टि से विशेष प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं।
क्षेत्र का सबसे दूरस्थ मतदान केंद्र मनलोग कला में स्थापित किया गया है, जहां पोलिंग पार्टियों को समयबद्ध तरीके से भेजा गया ताकि मतदान कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए।

निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नियमित पोलिंग पार्टियों के अलावा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए 15 सामान्य रिजर्व पोलिंग पार्टियां और 10 महिला रिजर्व पोलिंग पार्टियां भी तैयार रखी गई हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी पोलिंग पार्टियां निष्पक्षता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि पंचायत चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सफलतापूर्वक संपन्न होंगे।








