/नशा तस्करों पर शिमला पुलिस का बड़ा प्रहार: 1.13 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति जब्त।

नशा तस्करों पर शिमला पुलिस का बड़ा प्रहार: 1.13 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति जब्त।

शिमला, 27 मई,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा

जिला शिमला पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाते हुए वर्ष 2026 में अब तक 1 करोड़ 13 लाख रुपये की अवैध संपत्ति जब्त करने में बड़ी सफलता हासिल की है।

पुलिस द्वारा नशे के कारोबार की सप्लाई और डिमांड दोनों श्रृंखलाओं पर समान रूप से कार्रवाई की जा रही है, जिससे नशा तस्करों की आर्थिक कमर तोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।


पुलिस के अनुसार, इस वर्ष अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 134 मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें अधिकांश मामले इंटरमीडिएट और कमर्शियल मात्रा से जुड़े हैं। इन मामलों में 286 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

वहीं सप्लाई नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए बैकवर्ड लिंकिंग जांच के तहत पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, भारत-नेपाल सीमा, केरल सहित विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों से 42 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।



थाना कुमारसैन में 10 अप्रैल 2026 को दर्ज एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में पुलिस ने वित्तीय जांच के बाद करीब 53 लाख रुपये की अवैध संपत्ति फ्रीज की है।


इस मामले में नेपाल निवासी तीन आरोपियों — ऐन बहादुर, चक्र बहादुर और मोहन शाही — के कब्जे से 9.028 किलोग्राम अफीम और 12 लाख रुपये नकद बरामद किए गए थे। बाद में बैकवर्ड लिंक जांच के दौरान कंडाघाट स्थित लक्ष्मी टी स्टॉल से संचालित गतिविधियों का खुलासा हुआ, जहां से आरोपी लक्ष्मी के कब्जे से 2.039 किलोग्राम अफीम बरामद की गई थी।


वित्तीय जांच में सामने आया कि आरोपी ऐन बहादुर और लक्ष्मी लंबे समय से अफीम तस्करी के नेटवर्क से जुड़े थे और कंडाघाट, नारकंडा सहित विभिन्न क्षेत्रों में नशीले पदार्थों की आपूर्ति कर रहे थे।


जांच में पाया गया कि ऐन बहादुर ने नशा तस्करी से अर्जित धन से इनोवा और अर्बन क्रूजर वाहन खरीदे थे।


उसके पास से 12 लाख रुपये नकद भी बरामद हुए।
आरोपी लक्ष्मी ने अवैध कमाई से रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल खरीदी थी।


उसके बैंक खातों में करीब 5 लाख रुपये जमा पाए गए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों की कुल 53 लाख रुपये की संपत्ति फ्रीज कर दी है। सभी चार आरोपी वर्तमान में कैथू उप-जेल, शिमला में न्यायिक हिरासत में हैं।


कोटखाई के आरोपी आर्यन की 60 लाख की संपत्ति जब्त
पुलिस थाना कोटखाई के पुराने एनडीपीएस मामलों की जांच के दौरान आर्यन (20 वर्ष) नामक आरोपी के खिलाफ भी बड़ी कार्रवाई की गई है। आरोपी को वर्ष 2026 में पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट के तहत निरुद्ध किया गया था।


यह जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि जांच में सामने आया कि आरोपी लगातार चिट्टा/हेरोइन तस्करी में संलिप्त रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2023 और 2025 में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं।


वित्तीय जांच के मुताबिक वर्ष 2024 में उसके बैंक खातों में 23 लाख रुपये का लेनदेन हुआ पाया गया।


वर्ष 2025 में 25 लाख रुपये का लेनदेन दर्ज हुआ।
आरोपी के पास कोई वैध रोजगार या व्यवसाय नहीं था।
अवैध कमाई से उसने एक स्कॉर्पियो वाहन खरीदा और दो मंजिला मकान बनवाया।


पुलिस ने आरोपी की करीब 60 लाख रुपये की संपत्ति को नशे के अवैध कारोबार से अर्जित मानते हुए जब्त कर लिया है।


शिमला पुलिस के अनुसार, पिछले तीन वर्षों की तुलना में वर्ष 2026 के शुरुआती महीनों में ही नशा तस्करों की सबसे अधिक संपत्ति जब्ती की गई है। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार से अर्जित अवैध संपत्ति को निशाना बनाकर अपराधियों के आर्थिक नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने की रणनीति अपनाई गई है।