शिमला (रोहड़ू), 5 जून,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा
। जिला शिमला पुलिस द्वारा नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत डिटेक्शन सेल, रोहड़ू ने एक कार्रवाई में 19 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद कर चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 5 जून को डिटेक्शन सेल को गुप्त सूचना मिली थी कि एक वाहन में सवार कुछ व्यक्ति मादक पदार्थ की तस्करी कर रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने महेंदली क्षेत्र में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन में सवार व्यक्तियों के कब्जे से 19 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
इस संबंध में पुलिस थाना रोहड़ू में अभियोग संख्या 57/2026 दर्ज कर एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21, 25 एवं 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है तथा तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी कब्जे में ले लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रविंदर सिंह बराड़ (29), जशन प्रीत सिंह (25), हरदीप सिंह (22) और दिलप्रीत सिंह (20) के रूप में हुई है। सभी आरोपी पंजाब के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच जारी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों के तार किसी बड़े नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े हैं या नहीं।
जिला शिमला पुलिस ने कहा है कि प्रदेश में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।








