/रामशहर के मुकेश कुमार आठवीं बार श्रीखंड महादेव यात्रा पूरी कर सकुशल लौटे

रामशहर के मुकेश कुमार आठवीं बार श्रीखंड महादेव यात्रा पूरी कर सकुशल लौटे

नालागढ़ 12जून,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा

सोलन जिले के रामशहर क्षेत्र के 29 वर्षीय मुकेश कुमार अपनी टीम के साथ श्रीखंड महादेव के दर्शन कर सकुशल वापस लौट आए हैं। उनकी चार सदस्यीय टीम में दो श्रद्धालु हिमाचल प्रदेश और दो पंजाब से थे। टीम 8 जून को जो गांव से पैदल रवाना हुई और 11 जून को दर्शन कर सुरक्षित लौट आई।

मुकेश कुमार ने बताया कि इस बार यात्रा अत्यंत कठिन और दुर्गम रही। मार्ग में कई स्थानों पर भारी ग्लेशियर जमा हैं, जिससे पारंपरिक 36 किलोमीटर की यात्रा बढ़कर लगभग 45 किलोमीटर हो गई है। उन्होंने बताया कि प्रशासन की ओर से पर्याप्त व्यवस्थाएं और मार्ग सुधार कार्य नहीं किए गए हैं।

टीम में विकास वर्मा (चमदार), रोहित कोडा (किरतपुर), दिनेश शर्मा (गढ़शंकर) और मुकेश कुमार (रामशहर) शामिल थे। श्रद्धालुओं ने पार्वती बाग मार्ग से होकर श्रीखंड महादेव पहुंचकर दर्शन किए। उनके अनुसार पार्वती बाग खुला है, जबकि नैनसरोवर मार्ग अभी बंद है।

मुकेश कुमार ने बताया कि भीमद्वारी, थाचडू और कच्चा घाटी क्षेत्र में भोजन व पेयजल की सीमित व्यवस्था है। विशेष रूप से दराटी नाला-थाचडू क्षेत्र में पेयजल की उचित सुविधा नहीं है। उन्होंने प्रशासन से मार्गों को दुरुस्त करने और सुविधाएं बढ़ाने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि आधिकारिक श्रीखंड महादेव यात्रा 15 जुलाई से शुरू होगी, लेकिन इसके बावजूद प्रतिदिन 800 से 900 श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।

श्रद्धालुओं से अपील करते हुए उन्होंने यात्रा के दौरान ड्राई फ्रूट्स, चने, आवश्यक दवाइयां, बरसाती, लाठी और अच्छी गुणवत्ता के वाटरप्रूफ जूते साथ रखने तथा पूरे सफर में अपने साथियों से अलग न होने की सलाह दी।