/चंडीगढ़ में हिमाचली प्रधान के पति की गोली मारकर हत्या।

चंडीगढ़ में हिमाचली प्रधान के पति की गोली मारकर हत्या।

शिमला/चंडीगढ़, 14 जून
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/ वर्मा

चंडीगढ़ के सेक्टर-11 स्थित एक मेडिकल स्टोर में रविवार दोपहर हुई सनसनीखेज गोलीबारी में शिमला जिला के रोहड़ू निवासी 45 वर्षीय जानकी दास की मौत हो गई।

जानकी दास कुमार मेडिकल स्टोर में कैशियर के रूप में कार्यरत थे और उनकी पत्नी हाल ही में रोहड़ू क्षेत्र की एक ग्राम पंचायत की प्रधान निर्वाचित हुई हैं।

पुलिस के अनुसार दो नकाबपोश युवक ग्राहक बनकर मेडिकल स्टोर में दाखिल हुए और काउंटर पर बैठे जानकी दास पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गंभीर रूप से घायल जानकी दास को तुरंत पीजीआई चंडीगढ़ पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में वारदात के पीछे गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के संभावित संबंधों की आशंका जताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि मेडिकल स्टोर के संचालकों को पहले भी रंगदारी को लेकर धमकियां मिल चुकी थीं।

दिनदहाड़े हुई इस हत्या से चंडीगढ़ सहित हिमाचल प्रदेश, विशेषकर रोहड़ू क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है।

पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।