जनप्रतिनिधियों ने लिया विकास का संकल्प।
सोलन (अर्की ) 27जून,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
अर्की उपमंडल की हाल ही में नव गठित ग्राम पंचायत चमाकड़ीपुल में आज शनिवार को नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने विधिवत रूप से पंचायत कार्यों का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर उत्साहपूर्ण माहौल में पंचायत के समग्र विकास, पारदर्शी प्रशासन और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम में पंचायत प्रधान नरेंद्र हांडा, उपप्रधान पुरणचंद, वार्ड सदस्य हेमराज, कौशल्या देवी, हेमा देवी, नीलम और मीरा देवी सहित स्थानीय गणमान्य नागरिक हरि राम, कांशी राम, देवीदास, प्रकाश, संतराम, इंदरलाल, जयप्रकाश, रवींद्र मिश्रा, दिलाराम, कारमचंद गांधी, जोगिंदर, राजपाल, हेमराज, विनोद, कमला देवी, शर्मीला देवी, मनीषा, राधा देवी और रेखा देवी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर पंचायत प्रधान नरेंद्र हांडा ने कहा कि चमाकड़ीपुल को अलग ग्राम पंचायत का दर्जा मिलना क्षेत्रवासियों के लिए गर्व और खुशी का विषय है।

उन्होंने कहा कि लंबे समय के प्रयासों के बाद यह सपना साकार हुआ है और जनता ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत अपने जनप्रतिनिधियों का चयन कर पंचायत को नई दिशा देने का अवसर प्रदान किया है।
उन्होंने सभी मतदाताओं और ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया।
प्रधान ने कहा कि पंचायत के सभी निर्वाचित प्रतिनिधि पूरी निष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करेंगे। पंचायत के प्रत्येक गांव में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करना, स्वच्छता को बढ़ावा देना, विकास कार्यों को प्राथमिकता देना तथा पंचायत स्तर पर आपदा प्रबंधन समिति का गठन उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।








