सरयाज-एर सड़क की बदहाल स्थिति पर लोगों में रोष।
सोलन (अर्की)29 जून,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।
सोलन जिले के अर्की उपमंडल के अंतर्गत आने वाले सरयाज-एर सड़क मार्ग की जर्जर हालत को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है।
लोगों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति के कारण रोजाना आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस मार्ग पर हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बसें भी नियमित रूप से चलती हैं, जिससे यात्रियों और वाहन चालकों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण के दौरान गुणवत्ता से समझौता किया गया, जिसके चलते सड़क का जो हिस्सा तैयार किया गया था, वह भी क्षतिग्रस्त हो चुका है या गिरने की कगार पर पहुंच गया है। लोगों ने निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताओं की जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठाई थी लेकिन सरकार को कोई कमी नजर नहीं आई।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने प्रतीकात्मक विरोध के तौर पर फिलहाल सड़क की मरम्मत के लिए सरकार से कोई मांग न करने का निर्णय लिया है।
उनका कहना है कि यदि समय रहते इस सड़क की मरम्मत नहीं करवाई गई तो क्षेत्र के लोगों की परेशानियां और बढ़ सकती हैं।










