/नेर-रिवाल्वर में मक्की की फसल पर रोग का प्रकोप।

नेर-रिवाल्वर में मक्की की फसल पर रोग का प्रकोप।

किसानों ने सर्वे और मुआवजे की उठाई मांग

नालागढ़ (रामशहर) 20 जुलाई,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा

तहसील रामशहर के निकटवर्ती गांव नेर-रिवाल्वर में मक्की की फसल पर रोग के प्रकोप से किसान चिंतित हैं। किसानों का कहना है कि फसल में बीमारी फैलने से भारी नुकसान की आशंका है, जिससे उनकी आजीविका प्रभावित हो सकती है।

ग्रामीणों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री, कृषि मंत्री तथा जिला प्रशासन से मांग की है कि कृषि विभाग की विशेषज्ञ टीम को गांव भेजकर फसलों का सर्वेक्षण कराया जाए। किसानों ने प्रभावित फसलों का वैज्ञानिक परीक्षण करवाने तथा नुकसान का आकलन कर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा प्रदान करने की मांग की है।

क्षेत्र के प्रगतिशील किसान राम दर्शन, सीताराम, प्रेमचंद, हेमराज, नरेश कुमार ठाकुर, मनोहर लाल, नानक चंद सहित अन्य किसानों ने बताया कि गांव में लगभग 400 बीघा भूमि है, जिसमें से करीब 150 बीघा उपजाऊ कृषि भूमि पर मक्की, धान, गेहूं तथा विभिन्न प्रकार की नकदी फसलें उगाई जाती हैं।

उन्होंने कहा कि यदि समय रहते बीमारी पर नियंत्रण नहीं पाया गया तो किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

किसानों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई करते हुए कृषि विशेषज्ञों की टीम भेजने और प्रभावित किसानों को राहत उपलब्ध कराने की अपील की है।