बद्दी, 21 जुलाई,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।
पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान के निर्देशानुसार जिले में नशा उन्मूलन और साइबर अपराध के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में मंगलवार को थाना रामशहर और थाना नालागढ़ पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को नशे और साइबर ठगी से बचाव के उपाय बताए।

थाना रामशहर पुलिस की टीम ने राजकीय डिग्री कॉलेज रामशहर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को चिट्टा सहित अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभाव, नशे से दूर रहने के उपाय तथा साइबर अपराधों से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और कॉलेज स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा पुलिस की पहल की सराहना की।

उधर, थाना नालागढ़ पुलिस ने नगर परिषद (एमसी) नालागढ़ में नशा विरोधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान लोगों को नशा निवारण समितियों की भूमिका, नशे के दुष्प्रभाव, पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान तथा किसी भी आपात स्थिति में डायल-112 के उपयोग की जानकारी दी गई।

पुलिस ने नागरिकों से नशा मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।










