बीबीएन 23 सितंबर,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बरोटीवाला (सीबीएसई) में आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय अंडर-19 छात्रा टूर्नामेंट का समापन दून विधायक राम कुमार चौधरी की अध्यक्षता में हुआ। प्रतियोगिता में 50 स्कूलों की 492 छात्राओं ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में भाग लिया। विधायक ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर राम कुमार चौधरी ने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और रचनात्मक गतिविधियों पर ध्यान देने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और टीम भावना का विकास करते हैं।

विधायक ने बताया कि बद्दी में राज्य स्तरीय खेल मैदान के निर्माण के लिए 10 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जा चुके हैं तथा भूमि स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि दून क्षेत्र के बद्दी, बरोटीवाला और चंडी स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम शुरू हो चुका है, जबकि झाड़माजरी, मानपुरा, पट्टा, गुल्लरवाला और कुठाड़ के स्कूलों को भी सीबीएसई पाठ्यक्रम में विकसित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि बरोटीवाला स्कूल में जल निकासी के लिए 19 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जबकि खेल मैदान का 13 लाख रुपये की लागत से सुदृढ़ीकरण किया जा चुका है। स्कूल में करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न प्रयोगशालाओं का निर्माण भी करवाया गया है। उन्होंने विद्यालय के विकास के लिए अपनी ऐच्छिक निधि से 10 हजार रुपये देने की घोषणा की।

प्रतियोगिता में हॉकी में जीएनपीएस जगातखाना, बास्केटबॉल में सेंट मैरीज़ कसौली, हैंडबॉल में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नवगांव, फुटबॉल में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कांडा, टेबल टेनिस में डीपीएस सोलन, बॉक्सिंग में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मांगल, जूडो व कुराश में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सोलन, थोडा में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नालागढ़, ताइक्वांडो में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दभोटा, वेटलिफ्टिंग में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भाटियान तथा कराटे में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चंडी ‘ए’ विजेता रहे। मार्च पास्ट में राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बरोटीवाला ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।








