/सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाएं आहत करने वाली पोस्ट, नालागढ़ पुलिस ने दर्ज किया मामला

सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाएं आहत करने वाली पोस्ट, नालागढ़ पुलिस ने दर्ज किया मामला

नालागढ़, 25 जुलाई,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।

सोशल मीडिया पर कथित रूप से धार्मिक भावनाएं आहत करने वाली आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने के मामले में पुलिस थाना नालागढ़ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार प्राप्त शिकायत में आरोप लगाया गया है कि नरजीत सिंह पुत्र जय सिंह, निवासी गांव ढांग उपरली, डाकघर प्लासी कलां, तहसील नालागढ़, जिला सोलन ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से एक धर्म विशेष के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणी पोस्ट की। शिकायत में कहा गया कि उक्त पोस्ट से धार्मिक भावनाएं आहत हुईं तथा क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका उत्पन्न हुई।

शिकायत मिलने के बाद नालागढ़ पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।

पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया पोस्ट और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच जारी है तथा नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।