/बद्दी पुलिस द्वारा चोरी के तीन मामलों में 5 आरोपी गिरफ्तार।

बद्दी पुलिस द्वारा चोरी के तीन मामलों में 5 आरोपी गिरफ्तार।

त्वरित कार्रवाई से मिली कामयाबी

बद्दी, 27 जुलाई,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।

पुलिस जिला बद्दी ने चोरी की घटनाओं पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग मामलों में कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और गहन जांच के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीनों मामलों में चोरी से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य भी जुटाए गए हैं।



पुलिस थाना बरोटीवाला में दर्ज मामले के अनुसार 26 जुलाई 2026 को बुरांवाला स्थित एक औद्योगिक इकाई से एसी की तांबे की तार चोरी होने की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सुनील कुमार निवासी सीतामढ़ी (बिहार) को गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान चोरी का सामान खरीदने वाले एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की गई है। पुलिस ने चोरी किए गए सामान की एवज में 5,000 रुपये की राशि भी बरामद कर ली है।



पुलिस थाना नालागढ़ के अंतर्गत 26 जुलाई 2026 को दिनदहाड़े ट्रक की बैटरी चोरी के मामले में पुलिस ने आरोपी प्रदीप निवासी नालागढ़ को गिरफ्तार कर लिया है। चोरी की गई ट्रक बैटरियों की बरामदगी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।


बद्दी में मकान से आभूषण और नकदी चोरी का पर्दाफाश
पुलिस थाना बद्दी में दर्ज मामले में एक मकान का ताला तोड़कर सोने के आभूषण और 40 हजार रुपये नकद चोरी करने की वारदात का भी पुलिस ने खुलासा किया है। थाना बद्दी पुलिस और सीसीटीवी शाखा ने तकनीकी साक्ष्यों एवं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर साहिल बाम्बर और पंकज कुमार, दोनों निवासी फतेहपुर, जिला कांगड़ा, को गिरफ्तार किया है।

चोरी हुए आभूषण और नकदी की बरामदगी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।


पुलिस ने बताया कि तीनों मामलों में गिरफ्तार आरोपियों को 27 जुलाई 2026 को माननीय न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। रिमांड के दौरान चोरी गए सामान की शेष बरामदगी और अन्य संभावित चोरी की वारदातों में उनकी संलिप्तता के संबंध में गहन पूछताछ की जाएगी।

पुलिस ने बताया कि तीनों मामलों में आगामी जांच जारी है।