स्थायी समाधान के दिए निर्देश
चंबा, 27 जुलाई ,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने रविवार को भटियात विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न भूस्खलन प्रभावित स्थानों का निरीक्षण कर संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के लिए लोक निर्माण विभाग को विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने पातका–डलहौजी सड़क मार्ग पर गाहर दा घटु तथा नूरपुर–सांझी–नाला–लाहडू–तुन्नू हट्टी मार्ग पर टिक्कर गला घार सहित कई स्थानों का दौरा किया। उन्होंने 21 और 22 जुलाई की भारी वर्षा से लगभग 200 मीटर सड़क के क्षतिग्रस्त होने के बावजूद लोक निर्माण विभाग द्वारा चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में दिन-रात कार्य कर सड़क को शीघ्र बहाल करने की सराहना की।

कुलदीप सिंह पठानिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एचपी डीआरआरपी के अंतर्गत पनियाला, टिक्कर गला तथा शाहपुर–सिंहुता–चुवारी सड़क पर भूस्खलन प्रभावित स्थलों के स्थायी उपचार के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की जाए, ताकि भविष्य में इन महत्वपूर्ण मार्गों पर यातायात बाधित न हो।

इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने अन्य ग्रामीण क्षेत्रों का भी दौरा किया, जहां उन्होंने भूस्खलन प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के अवसर पर लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता जीत सिंह ठाकुर, अधिशासी अभियंता नरेंद्र चौधरी, जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता राकेश ठाकुर तथा खंड विकास अधिकारी अनिल गुराडा भी उपस्थित रहे।








