वारदात में इस्तेमाल वाहन भी जब्त
बद्दी, 28 जुलाई,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा ।
बीबीएन क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग चोरी की वारदातों का बद्दी पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने चोरीशुदा सामान के साथ वारदात में इस्तेमाल वाहन भी बरामद कर लिया है।

इसकी पुष्टि करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक वर्मा ने बताया कि पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और त्वरित कार्रवाई के आधार पर दोनों मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद किया है।
पहला मामला
थाना बरोटीवाला के अंतर्गत झाड़माजरी बस स्टैंड के समीप एक किराना दुकान में सेंधमारी कर नकदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकुर (जिला मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश), नितिन (जिला संभल/चंदौसी, उत्तर प्रदेश) तथा दिनेश कुमार (शिवालिक नगर, झाड़माजरी, जिला सोलन) के रूप में हुई है।
आरोपियों ने दुकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने उनके कब्जे से 2,700 रुपये की चोरीशुदा नकदी बरामद कर ली है।
दूसरा मामला
थाना बद्दी में दर्ज एक अन्य मामले में हाउसिंग बोर्ड फेस-3 स्थित एक मकान के बाहर खड़ी स्विफ्ट कार (HP91-8309) के चारों टायर और क्रोम व्हील चोरी होने की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चंद्र भान, निवासी जिला सोनभद्र (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए चारों टायर, क्रोम व्हील तथा चोरी में प्रयुक्त वाहन भी बरामद कर लिया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक वर्मा ने बताया कि दोनों मामलों के सभी आरोपियों को 28 जुलाई 2026 को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और मामलों की आगे की जांच की जा रही है।







