/शिमला पुलिस का विशेष अभियान: अव्यवस्थित पार्किंग पर कार्रवाई।

शिमला पुलिस का विशेष अभियान: अव्यवस्थित पार्किंग पर कार्रवाई।

आईएसबीटी क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े वाहन हटाए।

शिमला, 1 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।

हिमाचल की राजधानी शिमला में यातायात व्यवस्था को सुचारु, सुरक्षित और बाधारहित बनाए रखने के लिए शिमला पुलिस ने अव्यवस्थित पार्किंग के खिलाफ विशेष अभियान तेज कर दिया है।

मिली जानकारी के मुताबिक अभियान के तहत प्रतिदिन शहर के विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण कर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई की जा रही है।


इसी क्रम में शनिवार को आईएसबीटी शिमला क्षेत्र में सड़क के दोनों ओर खड़े वाहनों को हटाकर एक तरफ पार्किंग (सिंगल साइड पार्किंग) सुनिश्चित करवाई गई। इसके अलावा स्थानीय बस स्टॉप के समीप खड़े वाहनों को भी हटाया गया, जिससे स्थानीय बसों के संचालन में किसी प्रकार की बाधा न आए और यात्रियों को सुरक्षित व सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

शिमला पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण के दौरान जहां सड़क की चौड़ाई और यातायात की स्थिति अनुकूल है, वहां एक तरफ पार्किंग सुनिश्चित की जा रही है। वहीं जिन स्थानों पर सड़क संकरी है या यातायात का दबाव अधिक है, वहां सड़क के दोनों ओर वाहनों की पार्किंग पर रोक लगाकर ‘नो पार्किंग’ व्यवस्था लागू की जा रही है।

पुलिस ने सभी वाहन चालकों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें तथा यातायात नियमों का पालन करते हुए पुलिस का सहयोग करें, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।