/इनरव्हील क्लब सोलन मिडटाउन की नई टीम ने संभाली कमान।

इनरव्हील क्लब सोलन मिडटाउन की नई टीम ने संभाली कमान।

सेवा कार्यों के साथ हुआ भव्य इंस्टॉलेशन समारोह

सोलन 2अगस्त,
हिम नयन न्यूज़/ब्यूरो/वर्मा।

इनरव्हील क्लब सोलन मिडटाउन का वार्षिक इंस्टॉलेशन समारोह उत्साह, गरिमा और सेवा भावना के साथ आयोजित किया गया।

मिली जानकारी के मुताबिक समारोह में एसडीएम सोलन नीरजा शर्मा मुख्य अतिथि तथा सोलन की महापौर सुषमा शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इसके पश्चात निवर्तमान अध्यक्ष (आईपीपी) अंजु बाला पबियाल ने अतिथियों एवं सदस्याओं का स्वागत करते हुए वर्ष 2025-26 के दौरान क्लब द्वारा संचालित सामाजिक, शैक्षणिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि उत्कृष्ट सेवा कार्यों के लिए क्लब को नॉर्थ ज़ोन स्तर पर कई सम्मान प्राप्त हुए हैं।

समारोह के दौरान वर्ष 2026-27 के लिए अधिवक्ता दीपाली ठाकुर ने अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाली। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि क्लब शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और समाजसेवा के क्षेत्रों में कार्यों को और अधिक विस्तार देगा तथा जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने के लिए नई योजनाएं शुरू की जाएंगी।

उन्होंने सभी सदस्याओं से सेवा कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर एसडीएम नीरजा शर्मा एवं महापौर सुषमा शर्मा ने सरकारी प्राथमिक विद्यालय पाजो के विद्यार्थियों के लिए कुर्सियां भेंट कीं, जिन्हें उषा ठाकुर ने प्रायोजित किया था। इसके अलावा दो जरूरतमंद विद्यार्थियों को स्कूल बैग एवं अध्ययन सामग्री वितरित की गई। क्लब ने वॉलंटरी ट्रेनिंग सेंटर बैठिनी को एक वाटर प्यूरीफायर भी भेंट कर अपना एक महत्वपूर्ण सेवा प्रकल्प पूरा किया।

समारोह में वर्ष 2025-26 की जिला रैली में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए इनरव्हील क्लब सोलन मिडटाउन को बेस्ट क्लब ट्रॉफी से सम्मानित किया गया।

वहीं अंजु बाला पबियाल को गोल्डन प्रेसिडेंट अवार्ड, मुक्ता रस्तोगी को गोल्डन आईएसओ अवार्ड तथा पवन पुरी को गोल्डन एडिटर अवार्ड प्रदान किया गया।

समारोह के अंत में नई कार्यकारिणी ने समाजहित में सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में इनरव्हील सदस्याओं, गणमान्य अतिथियों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

पूरे आयोजन के दौरान सेवा, सम्मान और महिला नेतृत्व की भावना प्रमुख रूप से देखने को मिली।