द लॉरेंस स्कूल सनावर बना ओवरऑल चैंपियन
सोलन (सनावर) 2अगस्त,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।
हिमाचल प्रदेश स्विमिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित तृतीय राज्य स्तरीय स्विमिंग चैंपियनशिप का समापन समारोह द लॉरेंस स्कूल, सनावर में उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
समारोह में युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के अतिरिक्त निदेशक गौरव महाजन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और विजेता खिलाड़ियों को पदक एवं सम्मान प्रदान किए।

समारोह में राज्य महासचिव इशान अख्तर तथा स्कूल की प्रधानाचार्य रुचि प्रधान दत्ता ने हिमाचली परंपरा के अनुसार मुख्य अतिथि का हिमाचली टोपी, शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर स्वागत एवं सम्मान किया।

मुख्य अतिथि गौरव महाजन ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले युवा देश का नाम रोशन करने के साथ राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में आपसी सहयोग, मेल-मिलाप, अनुशासन और नेतृत्व जैसे महत्वपूर्ण गुणों का विकास करते हैं।
राज्य महासचिव इशान अख्तर ने बताया कि विभिन्न आयु वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर लड़कियों में शिवन्या गर्ग, निरंजन सिंह, वाला जुन, रित्वी गुप्ता, भाग्यवदिका वर्मा और मायरा मिगलानी तथा लड़कों में रियांश गुप्ता, कबीर शर्मा, अथर्व सिंह, अर्जुन सिंह, अधिराज सिंह और भूषण ठाकुर को बेस्ट स्विमर अवार्ड-2026 से सम्मानित किया गया।

चैंपियनशिप का ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव द लॉरेंस स्कूल, सनावर को प्राप्त हुआ। इस अवसर पर स्कूल की प्रधानाचार्य रुचि प्रधान दत्ता ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।









