चंडीगढ़, 3 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/वर्मा।
मृतक अंगदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए पीजीआईएमईआर चंडीगढ़ के रोट्टो नॉर्थ ने लगातार तीसरे वर्ष राष्ट्रीय सर्वश्रेष्ठ क्षेत्रीय अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण संगठन (रोट्टो) पुरस्कार जीतकर नया इतिहास रच दिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक वर्ष 2019 में इस पुरस्कार की शुरुआत के बाद यह चौथी बार है जब संस्थान को यह राष्ट्रीय सम्मान मिला है।

नई दिल्ली में 16वें भारतीय अंगदान दिवस समारोह के दौरान केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने पीजीआईएमईआर के निदेशक प्रो. विवेक लाल और उनकी टीम को यह सम्मान प्रदान किया।
समारोह में स्वास्थ्य मंत्रालय और राष्ट्रीय अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण संगठन (नोट्टो) के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
प्रो. विवेक लाल ने कहा कि यह उपलब्धि अंगदाता परिवारों, समर्पित स्वास्थ्यकर्मियों और पूरी टीम की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पीजीआईएमईआर उत्तरी भारत में अंगदान, प्रशिक्षण, जनजागरूकता और नैतिक प्रत्यारोपण व्यवस्था को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
समारोह में अंगदाता परिवारों और अंग प्राप्तकर्ताओं की प्रेरणादायक कहानियां भी साझा की गईं, जिन्होंने अंगदान के महत्व और मानवता के प्रति इसके योगदान को उजागर किया।
वर्ष 2015 से रोट्टो नॉर्थ के रूप में कार्यरत पीजीआईएमईआर पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में अंगदान समन्वय की जिम्मेदारी निभा रहा है।
संस्थान क्षमता निर्माण, जनजागरूकता और अंतर-राज्यीय समन्वय के माध्यम से देश में अंगदान अभियान को नई दिशा देने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।










