/एचआरटीसी के बेड़े में शामिल होंगी 1000 इलेक्ट्रिक बसें।

एचआरटीसी के बेड़े में शामिल होंगी 1000 इलेक्ट्रिक बसें।

नालागढ़ से नई सेवाओं को मिली हरी झंडी

नालागढ़, 3 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।

हिमाचल प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सोमवार को नालागढ़ में हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने नालागढ़ से प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नैना देवी जी के लिए नई बस सेवा का भी शुभारंभ किया।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने घोषणा की कि आने वाले समय में एचआरटीसी के बेड़े में 1000 इलेक्ट्रिक बसें शामिल की जाएंगी, जिससे प्रदेश में स्वच्छ और बेहतर परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने बताया कि जनता की मांग के अनुरूप नई बस सेवाएं शुरू की जाएंगी। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को सुचारु बनाने के लिए नालागढ़ बस अड्डे पर दो तथा वर्कशॉप में दो चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा चुके हैं।

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पिछले 52 वर्षों से एचआरटीसी प्रदेश के दूर-दराज और दुर्गम क्षेत्रों तक परिवहन सेवाएं उपलब्ध करा रही है। निगम व्यावसायिक संस्था के बजाय जनकल्याणकारी संस्था के रूप में कार्य कर रहा है और वर्तमान में 27 वर्गों को रियायती यात्रा सुविधा भी प्रदान कर रहा है।

उन्होंने कहा कि व्यावसायिक वाहनों की आयु सीमा 12 से बढ़ाकर 15 वर्ष किए जाने का मामला केंद्र सरकार के समक्ष उठाया जाएगा।

इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बाबा की मांग पर बद्दी से एम्स बिलासपुर वाया रामशहर तथा बद्दी से एम्स बिलासपुर वाया बघेरी नई बस सेवाएं शुरू करने की घोषणा की।

उन्होंने विधायक की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास और परिवहन सुविधाओं के विस्तार में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि विधायक की मांग पर ही नालागढ़ डिपो को सबसे पहले 15 इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध करवाई गई थीं।

इससे पूर्व विधायक हरदीप सिंह बाबा ने उप मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए क्षेत्र की विभिन्न परिवहन संबंधी मांगें रखीं और नालागढ़ डिपो को 15 इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध कराने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के उपरांत उप मुख्यमंत्री ने लगभग 7 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले ऑटोमैटिक टेस्टिंग स्टेशन (एटीएस) का निरीक्षण भी किया।

इस अवसर पर कांग्रेस एवं प्रशासन के अनेक पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान, एसडीएम नालागढ़ नरेंद्र आहलूवालिया, एचआरटीसी के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।