/फर्जी ड्रग कंट्रोलर बनकर ठगी: बद्दी पुलिस ने दूसरे आरोपी को भी किया गिरफ्तार।

फर्जी ड्रग कंट्रोलर बनकर ठगी: बद्दी पुलिस ने दूसरे आरोपी को भी किया गिरफ्तार।

4 दिन की पुलिस रिमांड

बद्दी, 4 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।

औद्योगिक नगरी बीबीएन में फर्जी ड्रग कंट्रोलर बनकर फार्मा कंपनियों से लाखों रुपये की ठगी और रंगदारी मांगने के मामले में बद्दी पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है।

मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस ने मामले में संलिप्त दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। अदालत ने दोनों आरोपियों को चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, गत 30 जुलाई 2026 को पुलिस थाना बरोटीवाला में एक फार्मा कंपनी की शिकायत पर फर्जी ड्रग कंट्रोलर बनकर लाखों रुपये की ठगी और रंगदारी मांगने का मामला दर्ज किया गया था।

मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना बरोटीवाला की टीम ने 3 अगस्त 2026 को पहले आरोपी गुरपाल निवासी गांव खोखरा, डाकघर नानकपुर, तहसील कालका, जिला पंचकुला (हरियाणा) को गिरफ्तार किया था।

जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने मंगलवार, 4 अगस्त 2026 को इसी गांव के दूसरे आरोपी प्रिंस निवासी गांव खोखरा, डाकघर नानकपुर, तहसील कालका, जिला पंचकुला (हरियाणा) को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि अपराध में इस्तेमाल की गई गाड़ी तथा अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य पहले ही कब्जे में लिए जा चुके हैं।
दोनों आरोपियों को मंगलवार को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उन्हें चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ की जाएगी तथा मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जाएगी।