उपभोक्ता परेशान; अधिकारियों ने कहा— शिकायत मिलते ही होगा समाधान
नालागढ़ 5 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा
पहाड़ी क्षेत्र के कई बीएसएनएल वाई-फाई उपभोक्ता इंटरनेट सेवा में लगातार आ रही खराबी से परेशान हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि लंबे समय से नेटवर्क और वाई-फाई सेवा प्रभावित रहने के कारण ऑनलाइन पढ़ाई, कार्यालयी कार्य और अन्य डिजिटल सेवाओं में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
इस संबंध में जब बीएसएनएल के सहायक अभियंता दिनेश शर्मा से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि उनके अधीन पहाड़ी क्षेत्र में लगभग 90 वाई-फाई कनेक्शन संचालित हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी उपभोक्ता को कोई समस्या है तो वह बीएसएनएल के शिकायत नंबर 1800-4444 पर शिकायत दर्ज करा सकता है। इस नंबर पर दर्ज शिकायतों की नियमित रूप से संबंधित जूनियर इंजीनियर (जेई) द्वारा निगरानी की जाती है।
उन्होंने बताया कि फिलहाल उनके कार्यालय में इस संबंध में कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई है। यदि किसी क्षेत्र में ऐसी समस्या है तो उसे तत्काल ठीक करने के निर्देश दिए जाएंगे।
वहीं, डीईटी (एक्सचेंज) नालागढ़ पुनीत चोपड़ा ने बताया कि उनके कार्यालय में भी इस संबंध में कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई है।
उन्होंने कहा कि यदि उपभोक्ता को एक ही समस्या के लिए दोबारा शिकायत दर्ज करानी पड़ती है तो इसकी जवाबदेही संबंधित तैनात कर्मचारी की होती है और नियमानुसार उसके मानदेय/धनराशि से कटौती भी की जा सकती है।
उपभोक्ताओं ने बीएसएनएल से मांग की है कि पहाड़ी क्षेत्रों में इंटरनेट सेवाओं की नियमित निगरानी कर तकनीकी खराबियों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को बार-बार परेशानी का सामना न करना पड़े।







