/बद्दी में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक की टक्कर से युवक की मौके पर मौत, चालक फरार

बद्दी में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक की टक्कर से युवक की मौके पर मौत, चालक फरार

बद्दी, 5 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा।

औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रक चालक दुर्घटना के बाद वाहन सहित फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस थाना बद्दी में दर्ज शिकायत के अनुसार पवन कुमार निवासी धमोलीयां, कालका (जिला पंचकुला) अपने दोस्त विक्रम उर्फ विक्की निवासी नग्गल भागा, कालका के साथ मोटरसाइकिल (नंबर HR-49K-0416) पर सनसिटी बद्दी से मड़ावाला की ओर जा रहे थे।

इसी दौरान क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) बैरियर बद्दी के समीप पीछे से आ रहे ट्रक (नंबर HR-68A-9178) के चालक ने कथित रूप से लापरवाही और तेज रफ्तार से वाहन चलाते हुए गलत दिशा में आकर मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।

हादसे में मोटरसाइकिल चला रहे पवन कुमार सड़क के बाईं ओर गिर गए, जबकि पीछे बैठे विक्रम उर्फ विक्की दाईं ओर गिरकर ट्रक की चपेट में आ गए। गंभीर चोटों के कारण विक्रम की मौके पर ही मौत हो गई।

दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात चालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता एवं मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस फरार चालक की तलाश के साथ-साथ मामले की गहन जांच कर रही है।