शिमला, 6 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।
नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शिमला पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
पुलिस थाना नेरवा की टीम ने जमराड़ी बैरियर पर नाकाबंदी एवं वाहन चेकिंग के दौरान एक पिकअप वाहन से प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप की खेप बरामद कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, 6 अगस्त को नियमित वाहन जांच के दौरान एक पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान वाहन से 100-100 मिलीलीटर की 5 सीलबंद प्लास्टिक बोतलें बरामद हुईं, जिनमें बिना लेबल वाला प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप होने का संदेह है।
इस मामले में पुलिस थाना नेरवा में अभियोग संख्या 39/2026 के तहत धारा 22, 25 एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने 26 वर्षीय रवि राणा उर्फ बंटी, निवासी नेरवा, जिला शिमला, के विरुद्ध कार्रवाई की है।
पुलिस ने बताया कि मामले में एक विधि-विरुद्ध बालक (जुवेनाइल) की संलिप्तता भी सामने आई है। उसके संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।








