शिमला, 6 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा।
भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता राजिंदर राणा ने शिमला में पत्रकार वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने यहां एक प्रेस वार्ता के दौरान आरोप लगाया कि राज्य में लोकतांत्रिक सरकार नहीं, बल्कि “मित्रों का सिंडिकेट” शासन चला रहा है और मुख्यमंत्री कार्यालय के इर्द-गिर्द सक्रिय चहेते लोग प्रशासनिक फैसलों को प्रभावित कर रहे हैं।
राणा ने यहां जारी एक व्यक्तव्य में दावा किया कि मुख्यमंत्री प्रदेश के इतिहास में सबसे अधिक कर्ज लेने वाले, सबसे अधिक असत्य बोलने वाले और राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से विपक्ष पर झूठे मुकदमे दर्ज करवाने वाले मुख्यमंत्री के रूप में याद किए जाएंगे।
उन्होंने आरोप लगाया कि रिकॉर्ड कर्ज लेने के बावजूद सड़क, परिवहन, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन क्षेत्रों की स्थिति खराब है तथा HRTC और कर्मचारियों की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं।
भाजपा प्रवक्ता ने सरकार पर OSD, सलाहकारों और राजनीतिक नियुक्तियों के जरिए सरकारी खजाने पर अनावश्यक बोझ डालने तथा लाभकारी सरकारी परिसंपत्तियों के निजीकरण की तैयारी का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष की आवाज दबाने के लिए पुलिस और प्रशासन का दुरुपयोग किया जा रहा है।
राजिंदर राणा ने कहा कि पंचायत और स्थानीय निकाय चुनावों में जनता ने कांग्रेस को संदेश दे दिया है और 2027 के विधानसभा चुनाव में इसका बड़ा असर देखने को मिलेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री से राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप छोड़कर प्रदेश की आर्थिक स्थिति, बेरोजगारी, कर्मचारियों की समस्याओं और विकास कार्यों पर ध्यान देने की अपील की।








