/नरेश चौहान ने संभाला कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेशाध्यक्ष का पदभार।

नरेश चौहान ने संभाला कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेशाध्यक्ष का पदभार।

जल्द होगा राज्य स्तरीय सम्मेलन।

शिमला, 6 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अनुसूचित जाति विभाग के नव नियुक्त प्रदेशाध्यक्ष नरेश चौहान ने बुधवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में विधिवत पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर प्रदेशभर से पहुंचे जिला एवं ब्लॉक अध्यक्षों, विभाग के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका भव्य स्वागत किया और फूलमालाएं पहनाकर सम्मानित किया।

पदभार ग्रहण करने के बाद नरेश चौहान ने घोषणा की कि प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग का राज्य स्तरीय सम्मेलन जल्द आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व के साथ मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश सरकार के मंत्री तथा वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं को आमंत्रित किया जाएगा।

उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि अनुसूचित जाति समाज के उन लोगों तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता होगी, जो किसी कारणवश अब तक इन योजनाओं से वंचित रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा अनुसूचित जाति एवं पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए कार्य किया है और वर्तमान समय में पार्टी को मजबूत करने की बड़ी जिम्मेदारी सभी कार्यकर्ताओं पर है।

नरेश चौहान ने अपनी नियुक्ति के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा सहित पार्टी के केंद्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री गंगूराम मुसाफिर तथा प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष एवं अनुसूचित जाति विभाग के पूर्व अध्यक्ष अमित नंदा ने नरेश चौहान को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में अनुसूचित जाति की आबादी 33 प्रतिशत से अधिक है और किसी भी सरकार के लिए यह वर्ग अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा अनुसूचित जाति वर्ग के कल्याण के लिए योजनाएं बनाई हैं और कार्यकर्ताओं से पार्टी को मजबूत बनाने के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस महासचिव एवं अनुसूचित जाति विभाग के प्रभारी यशपाल तनाइक, उपाध्यक्ष चेतराम ठाकुर, महासचिव धर्मेंद्र धामी, हरेंद्र सैन, घनश्याम, चांद मोहन नेगी, जीत राम पंवार, चमन प्रकाश, भूपिंदर कौशल, गुरदयाल पंवार, रमेश कैंडल, सी.डी. बंसल, यशपाल, विनोद भाटिया, कृष्ण सिंह, शकुंतला कश्यप, चमन राही, पलक राम कश्यप सहित विभिन्न जिलों एवं ब्लॉकों के अध्यक्ष, पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।