/नाके से कार भगा कर कथित तौर से नशीला पदार्थ निगलने वाले युवक की मौत।

नाके से कार भगा कर कथित तौर से नशीला पदार्थ निगलने वाले युवक की मौत।

तीन युवक चिट्टे और नशे के प्रयोग होने वाले अन्य सामान के साथ गिरफ्तार।

बद्दी/बरोटीवाला, 7 अगस्त,
हिम नयन न्यूज/ ब्यूरो/ वर्मा।

औद्योगिक नगरी की बद्दी पुलिस की स्पेशल सेल-एक्स की नाकाबंदी के दौरान पुलिस कार्रवाई से बचने के प्रयास में कथित तौर पर अपने पास मौजूद चिट्टा (हेरोइन) निगलने वाले एक युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान विक्रम ठाकुर उर्फ विक्की (निवासी गोयला पन्नर, तहसील नालागढ़, जिला सोलन) के रूप में हुई है।

पुलिस ने मामले में उसके तीन साथियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि कार से 9.02 ग्राम हेरोइन सहित नशा तस्करी में इस्तेमाल होने वाला अन्य सामान बरामद करने का दावा किया गया है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, स्पेशल सेल-एक्स ने गुप्त सूचना के आधार पर बरोटीवाला टोल बैरियर के पास नाकाबंदी की गई। इसी दौरान हरियाणा नंबर की एक संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय नाका तोड़ दिया और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को टक्कर मारते हुए तेज रफ्तार से भाग निकला। कुछ ही दूरी पर कार सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई।

पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के बाद चालक ने गिरफ्तारी से बचने के प्रयास में अपने पास मौजूद पूरा चिट्टा निगल लिया। पुलिस टीम ने उसे तुरंत बद्दी अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

प्रवक्ता ने बताया कि कार में सवार तीन अन्य युवकों—विक्रम सिंह, गौरव कुमार और आशीष मेहता—को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया।

एफएसएल टीम ने मौके और कार की जांच के दौरान 9.02 ग्राम हेरोइन, एल्युमिनियम फॉयल में लिपटी चार पुड़ियां, नशे के सेवन में प्रयुक्त अधजला ₹20 का नोट, कई मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक वजन मापने की मशीन, एक खंजर तथा नशा पैकिंग व सेवन में प्रयुक्त अन्य सामग्री बरामद की।

पुलिस द्वारा थाना बरोटीवाला में बीएनएस एवं एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मादक पदार्थ की आपूर्ति कहां से हुई और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।