उत्तराखंड (ऋषिकेश), 10 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो /वर्मा।
परम पूज्य श्री माताजी निर्मला देवी सहज योग ट्रस्ट के तत्वावधान में सहज योग राष्ट्रीय सेमिनार (उत्तर भारत) एवं श्री नवरात्रि पूजा महोत्सव-2026 का आयोजन 16 से 18 अक्टूबर 2026 तक उत्तराखंड के ऋषिकेश स्थित पं. ललित मोहन शर्मा परिसर, श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय में किया जाएगा।
आयोजन समिति के अनुसार इस तीन दिवसीय कार्यक्रम में उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों से सहजयोगी भाग लेंगे।
सेमिनार के दौरान सहज योग के ज्ञान का आदान-प्रदान, सामूहिक ध्यान, आध्यात्मिक सत्र तथा 17 अक्टूबर को सांस्कृतिक एवं संगीत कार्यक्रम आयोजित होंगे, जबकि 18 अक्टूबर को प्रातः 10:30 बजे से श्री दुर्गा पूजा संपन्न होगी।

आयोजन समिति ने बताया कि सेमिनार के लिए 5 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण कराने पर वयस्क, युवा एवं बाल प्रतिभागियों के लिए अलग-अलग योगदान राशि निर्धारित की गई है। निर्धारित तिथि के बाद शुल्क में वृद्धि होगी। केवल ऑनलाइन पंजीकरण स्वीकार किया जाएगा तथा सेमिनार स्थल पर ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी।
आयोजकों ने बताया कि देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले प्रतिभागियों के लिए यात्रा मार्ग, आवास एवं परिवहन संबंधी विस्तृत जानकारी भी उपलब्ध कराई गई है।
हरिद्वार रेलवे स्टेशन तथा जॉली ग्रांट एयरपोर्ट से पूर्व सूचना पर परिवहन सुविधा की व्यवस्था की जाएगी।
आयोजन समिति ने सहजयोगियों से समय रहते पंजीकरण कर कार्यक्रम में भाग लेने का आग्रह किया है।










