/रामशहर में भी कांवड़ियों का भव्य स्वागत, ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से किया अभिनंदन

रामशहर में भी कांवड़ियों का भव्य स्वागत, ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से किया अभिनंदन

सोलन (रामशहर), 11 अगस्त
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।

सावन मास के पावन अवसर पर भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए प्रदेशभर में कांवड़ यात्राओं का उत्साह चरम पर है। इसी कड़ी में जिला सोलन के पहाड़ी क्षेत्र रामशहर में भी कांवड़ियों का भव्य स्वागत किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामशहर बस स्टैंड पर बडू त्यामु क्षेत्र से आए पांच कांवड़ियों का स्थानीय ग्रामीणों ने फूल-मालाएं पहनाकर एवं बाजे-गाजे के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान पूरा वातावरण ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से भक्तिमय हो उठा।

ग्रामीणों ने कांवड़ियों की सुखद एवं सुरक्षित यात्रा की कामना करते हुए उनके प्रति अपनी आस्था और सम्मान व्यक्त किया। स्वागत समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे और सभी ने भगवान शिव से प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की प्रार्थना की।
सावन मास में कांवड़ यात्रा को लेकर क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना हुआ है तथा विभिन्न स्थानों पर कांवड़ियों के स्वागत एवं सेवा के लिए सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं के साथ-साथ स्थानीय लोग भी बढ़-चढ़कर सहयोग कर रहे हैं।