/15 अगस्त की ग्राम सभा अब होगी डिजिटल, ‘सभा सार’ में दर्ज होगी पूरी कार्यवाही।

15 अगस्त की ग्राम सभा अब होगी डिजिटल, ‘सभा सार’ में दर्ज होगी पूरी कार्यवाही।

शिमला, 13 अगस्त
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो /वर्मा।

हिमाचल प्रदेश में 15 अगस्त को आयोजित होने वाली अनिवार्य ग्राम सभाओं की कार्यवाही अब पूरी तरह डिजिटल रूप से दर्ज की जाएगी।

पंचायती राज विभाग ने सभी जिला पंचायत अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए केंद्र सरकार के पंचायती राज मंत्रालय द्वारा विकसित कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित ‘सभा सार’ मंच का अनिवार्य रूप से उपयोग सुनिश्चित करने को कहा है।

विभाग ने जिला पंचायत अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे विकास खंड अधिकारियों, पंचायत सचिवों तथा अन्य संबंधित पंचायत कर्मियों तक आदेश पहुंचाकर 15 अगस्त को आयोजित ग्राम सभाओं की कार्यवाही ‘सभा सार’ के माध्यम से रिकॉर्ड कराएं।

‘सभा सार’ मंच ग्राम सभा की ऑडियो या वीडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर स्वतः बैठक के कार्यवृत्त (मिनट्स) तैयार करने में सक्षम है। इससे ग्राम सभा में हुई चर्चाओं, लिए गए निर्णयों तथा अन्य कार्यवाही का डिजिटल रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा। साथ ही कार्यवृत्त तैयार करने की प्रक्रिया अधिक सरल, पारदर्शी और व्यवस्थित बनेगी।

पंचायती राज मंत्रालय ने हिमाचल प्रदेश की 2,603 ग्राम पंचायतों में 15 अगस्त को आयोजित होने वाली अनिवार्य ग्राम सभाओं के दौरान ‘सभा सार’ के उपयोग का लक्ष्य निर्धारित किया है।

इस लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विभाग ने जिला स्तर के अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां और समुचित समन्वय करने के निर्देश दिए हैं।