/बागबानिया जियो पेट्रोल पंप के समीप सड़क हादसे में स्कूटी सवार की मौत।

बागबानिया जियो पेट्रोल पंप के समीप सड़क हादसे में स्कूटी सवार की मौत।

मृतक की पहचान चंबा के रोशन दीन पुत्र युसफ, के रूप में हुई

नालागढ़, 13 अगस्त
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा।

बागबानिया स्थित जियो पेट्रोल पंप के समीप गुरुवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार की उपचार के दौरान मौत हो गई।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटना के आरोपी कंटेनर चालक को गिरफ्तार कर वाहन भी कब्जे में ले लिया है।

पुलिस के अनुसार, निर्मल सिंह निवासी गांव खरियाना, तहसील बद्दी, जिला सोलन ने पुलिस थाना मानपुरा में शिकायत दर्ज करवाई कि गुरुवार सुबह वह अपनी गाड़ी से घर से खेड़ा (नालागढ़) की ओर जा रहे थे।

उनके आगे एक बंद बॉडी कंटेनर वाहन मानपुरा से नालागढ़ की ओर जा रहा था।


सुबह करीब 6:50 बजे बागबानिया जियो पेट्रोल पंप के पास कंटेनर चालक ने गलत दिशा में जाकर ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान सामने से अपनी सही दिशा में आ रहे स्कूटी सवार को कंटेनर ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि आरोपी चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

घटनास्थल पर स्कूटी का पंजीकरण नंबर HP-20F-8394 पाया गया। राहगीरों की सहायता से घायल को एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) नालागढ़ पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

मृतक की पहचान रोशन दीन पुत्र युसफ, निवासी जिला चंबा (हिमाचल प्रदेश) के रूप में हुई है।

शिकायत के आधार पर पुलिस थाना मानपुरा में अज्ञात ट्रक चालक के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दुर्घटना में प्रयुक्त कंटेनर HP-12Q-6731 को कब्जे में ले लिया तथा आरोपी चालक राजेश कुमार, निवासी गांव समुला, डाकघर सदवां, तहसील नूरपुर, जिला कांगड़ा को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है तथा दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है।