रामशहर 13 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़ /ब्यूरो/ वर्मा
सावन मास के उपलक्ष्य पर रामशहर के निकटवर्ती गांव बहरोटा स्थित प्राचीन शिव मंदिर में क्षेत्रवासियों के सहयोग से 21वें विशाल भंडारे का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान भोलेनाथ के दर्शन किए और विधि-विधान से जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की।

जलाभिषेक के उपरांत श्रद्धालुओं ने विशाल भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। प्रसाद में खीर, मालपुए, चावल, कढ़ी, दाल, राजमा सहित विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजन परोसे गए। इस अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

रात्रि 8:00 बजे से 12:00 बजे तक स्थानीय कीर्तन मंडलियों द्वारा भगवान भोले शंकर के भजनों और संकीर्तन की प्रस्तुति दी गई, जिसमें श्रद्धालु देर रात तक भक्ति रस में सराबोर रहे।
मंदिर के मुख्य पुजारी जगत राम, सूबेदार कृत राम, विष्णु दास, श्याम लाल तथा तरसेम ने बताया कि यह 21वां विशाल भंडारा था। उन्होंने कहा कि हर वर्ष सावन मास की महाशिवरात्रि के अवसर पर क्षेत्रवासियों के सहयोग से इस धार्मिक आयोजन का आयोजन किया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।










