/नई दिल्ली में बनकर तैयार होने की ओर हिमाचल निकेतन, मुख्यमंत्री ने किया निर्माण कार्य का निरीक्षण

नई दिल्ली में बनकर तैयार होने की ओर हिमाचल निकेतन, मुख्यमंत्री ने किया निर्माण कार्य का निरीक्षण


शिमला/नई दिल्ली, 13 अगस्त
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/ वर्मा।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने गुरुवार को नई दिल्ली के द्वारका स्थित निर्माणाधीन हिमाचल निकेतन भवन का दौरा कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को शेष फिनिशिंग कार्य निर्धारित समयावधि के भीतर पूरा करने तथा निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लगभग पूर्ण हो चुके इस भवन को शीघ्र ही प्रदेश की जनता को समर्पित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि हिमाचल निकेतन दिल्ली आने वाले हिमाचल प्रदेश के लोगों, विशेषकर चिकित्सा उपचार और शिक्षा के उद्देश्य से आने वाले नागरिकों को आरामदायक एवं गुणवत्तापूर्ण आवास सुविधा उपलब्ध कराएगा।

उन्होंने कहा कि करीब 190 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से निर्मित इस भवन में 107 कमरे, रेस्तरां, बैंक्वेट हॉल, दो बहुउद्देशीय हॉल, बैठक कक्ष तथा विद्यार्थियों के लिए डॉर्मिटरी की सुविधा होगी। इसके अलावा पर्याप्त पार्किंग, उद्यान, ईवी चार्जिंग स्टेशन सहित अन्य आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना प्रदेशवासियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शेष कार्य समय पर पूरे करते हुए गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए।

इस अवसर पर विधायक सुरेश कुमार, मुख्य अभियंता विजय चौधरी, अधीक्षण अभियंता दीपक राज चौहान तथा प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।