/पीजीआईएमईआर चंडीगढ़ की कार्डियोलॉजी ट्रायेज यूनिट ने 5 माह में संभाले 3049 मरीज

पीजीआईएमईआर चंडीगढ़ की कार्डियोलॉजी ट्रायेज यूनिट ने 5 माह में संभाले 3049 मरीज

चंडीगढ़, 13 अगस्त,
हिम नयन न्यूज़/ ब्यूरो/वर्मा

पीजीआईएमईआर (PGIMER) चंडीगढ़ के एडवांस्ड कार्डियक सेंटर (ACC) में स्थापित समर्पित कार्डियोलॉजी ट्रायेज यूनिट ने लगभग पांच महीने (9 मार्च से 29 जुलाई 2026) के दौरान 3049 हृदय रोगियों का उपचार कर एक प्रभावी और सफल आपातकालीन सेवा मॉडल प्रस्तुत किया है।

इस पहल का उद्देश्य नेहरू अस्पताल की मुख्य इमरजेंसी पर मरीजों का दबाव कम करना और हृदय रोगियों को त्वरित एवं विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध कराना था।

रिपोर्ट के अनुसार, कुल 3049 मरीजों में से 1108 (36.3%) को कोरोनरी केयर यूनिट (CCU) भेजा गया, 1513 (49.6%) मरीजों का उपचार ट्रायेज स्तर पर ही कर छुट्टी दे दी गई, जबकि 298 (9.8%) मरीजों को गैर-हृदय संबंधी समस्याओं के कारण नेहरू अस्पताल की इमरजेंसी में रेफर किया गया।

इसके अलावा 85 (2.8%) मरीजों को कार्डियोलॉजी/सीटीवीएस ओपीडी और 30 (1%) मरीजों को हार्ट कमांड इमरजेंसी में भर्ती किया गया।

रिपोर्ट में बताया गया है कि इस अवधि में 26 प्राथमिक एंजियोप्लास्टी (Primary PCI) सफलतापूर्वक की गईं। बढ़ती मरीज संख्या के बावजूद केवल 16 मौतें (0.5%) दर्ज की गईं, जो प्रभावी ट्रायेज और समय पर उपचार का संकेत है।

रिपोर्ट के अनुसार, मार्च 2026 में जहां प्रति सप्ताह लगभग 100 मरीज ट्रायेज यूनिट में पहुंच रहे थे, वहीं जुलाई तक यह संख्या बढ़कर 200 से अधिक हो गई। इसके बावजूद मृत्यु दर में उल्लेखनीय वृद्धि नहीं हुई, जिससे इस मॉडल की क्षमता और प्रभावशीलता सिद्ध हुई।

रिपोर्ट के निष्कर्ष में कहा गया है कि यह मॉडल मरीजों की अनावश्यक भर्ती कम करने, उपचार प्रक्रिया को तेज करने, नेहरू अस्पताल की इमरजेंसी पर दबाव घटाने और बेहतर हृदय आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध कराने में सफल रहा है। इसी आधार पर इसे देश के अन्य बड़े तृतीयक चिकित्सा संस्थानों में भी अपनाने की सिफारिश की गई है।